जेएनएन, चंडीगढ़। निजी स्कूलों में गरीब बच्चों को दाखिला दिलाने में शिक्षा विभाग के नकारात्मक रवैये के विरोध में सोमवार को अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। दो जमा पांच मुद्दा जन आंदोलन और हरियाणा अभिभावक मंच के आह््वान पर विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री निवास के घेराव का प्रयास किया। हालांकि पहले से सतर्क पुलिस बल ने करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जिन्हेंं देर शाम छोड़ दिया गया।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के नियम 134ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिलों को लेकर सरकार की उदासीनता के खिलाफ दोनों संगठनों ने पहले ही सीएम हाउस का घेराव करने का एलान कर रखा था। मामले की संवेदनशीलता को देख भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ही मुख्यमंत्री आवास के दोनों तरफ बेरिकेड्स लगाए गए थे। पुलिस के भारी इंतजामों को देख प्रदर्शनकारियों ने रणनीति बदली और अलग-अलग गुटों में मौके पर पहुंचने शुरू हो गए।
पुलिस के भारी सुरक्षा इंतजामों के बावजूद दो जमा पांच मुद्दा जन आंदोलन के प्रधान सत्यवीर सिंह हुड्डा एक अन्य साथी के साथ गुपचुप तरीके से मुख्यमंत्री आवास के ठीक सामने पहुंच गए थे। अचानक उन्हें सीएम हाउस के मुख्य द्वार के सामने देख पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस कर्मियों ने दौड़कर उन्हें घेर लिया। हुड्डा ने पहले खुद को पुलिस हिरासत में लेने का विरोध किया, लेकिन बाद में चुपचाप पुलिस वाहन में बैठ गए।
हुड्डा को हिरासत में लेने के थोड़ी देर बाद ही एक बस और ऑटो में सवार अभिभावक मौके पर पहुंचे, लेकिन पहले से अलर्ट पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू की तो पुलिस ने करीब 60-70 लोगों को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान अभिभावक मंच के प्रदेश सचिव राजीव वर्मा, प्रवक्ता प्रवीण नागर, राज्य सचिव प्रिंस रंजन और आशीष की अगुवाई में इतने ही अभिभावक और वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया।
Source:- Jaagran News Posted by HEDO
No comments:
Post a Comment
News Haryana Education