Sunday, April 9, 2017

35 बच्चों से थी सेटिंग, 25 हजार तक में सौदा कर भेजे थे फर्जी टीचर,

रोहतक.7 मार्च को गांव बोहर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 10वीं कक्षा की परीक्षा थी। यहां असली टीचर्स की जगह ड्यूटी देने के लिए फर्जी टीचर्स से 20 से 25 हजार रुपए में सौदा किया था। यह खुलासा गिरोह के सरगना अजय ने पुलिस-पूछताछ में किया है।

फर्जी टीचर्स से वादा किया था कि सारी सेटिंग पहले से कर ली गई है, उन्हें तो सिर्फ परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी देकर लौट आना है। हालांकि, बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन 7 मार्च को बोहर के परीक्षा केंद्र में फ्लाइंग के हत्थे एक फर्जी टीचर लग गया, जिसके बाद तीन अन्य फर्जी टीचर दबोचे गए। वहीं, चार अन्य फर्जी टीचर्स की तलाश जारी है।
पूछताछ में अजय ने बताया कि उसके बोहर स्थित स्कूल में पढ़ने वाले 35 बच्चों से सेटिंग हुई थी। अन्य एकेडमी के बच्चों से भी गिरोह के लोगों ने सांठ-गांठ की थी। रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस अजय को सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। पूछताछ में अन्य आरोपियों की धरपकड़ आैर सेटिंग करने वाले बच्चों की पूरी लिस्ट तैयार करने का हवाला देकर पुलिस कोर्ट में अजय की रिमांड बढ़ाने की अर्जी दे सकती है।
झज्जर के गांव दूबलधन माजरा निवासी गिरोह के सरगना अजय का गांव बोहर में स्कूल है और शीला बाईपास चौक पर एकेडमी भी है।
अर्बन एस्टेट एसएचओ रमेश ने बताया कि पूछताछ में अजय ने बताया कि उसने अपने स्कूल में पढ़ने वाले 35 बच्चों को पास कराने से लेकर मेरिट में लाने के नाम पर सांठ-गांठ की थी। इन बच्चों से 20 से 50 हजार रुपए तक में सेटिंग की थी। इसके अलावा जिन स्कूलों का परीक्षा केंद्र बोहर का राजकीय गर्ल्स सीसे स्कूल बनाया गया था, उनके भी कुछ बच्चों को पास कराने भी सेटिंग गिरोह द्वारा की गई थी।
एएसआई की एकेडमी के बच्चों से भी सांठ-गांठ
गिरोह में अजय के अलावा खरखौदा निवासी दिल्ली पुलिस का एक एएसआई भी गोरखधंधे में शामिल है। उसने पत्नी के नाम पर खरखौदा में एकेडमी खोली है, लेकिन सारी देखरेख खुद करता है। विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले खरखौदा की एकेडमी के बच्चों का सेंटर भी बोहर में था। गिरोह ने अच्छे नंबरों से पास कराने के लिए उनसे सांठ-गांठ की थी। अब सर्च वारंट लेकर पुलिस छापेमारी करेगी।
पार्टनर सुधीर ने तैयार किए फर्जी दस्तावेज
गिरोह का मास्टरमाइंड अजय कम पढ़ा-लिखा है, लिहाजा गिरोह में लिखत-पढ़त का अधिकांश काम अजय का किलोई निवासी पार्टनर सुधीर संभालता है। अजय के घर छापेमारी में बरामद हुए उसके लैपटॉप को खंगालने पर पता चला कि उसने ही फर्जी टीचर्स के फर्जी रिलीविंग ऑर्डर तैयार किए थे।
फ्लाइंग ने पकड़े थे ये फर्जी टीचर :परीक्षा में चेकिंग के दौरान चार अन्य युवक ड्यूटी पर तैनात पाए गए। जिनकी पहचान झज्जर के गांव सिवाना निवासी अमित, सोनीपत के गांव खांडा निवासी कपिल, सोनीपत के गांव पीपली निवासी हरबीर तथा हसनगढ़ निवासी संदीप के रुपए में हुई थी। इनके अलावा परीक्षा केंद्र पर तैनात तीन फर्जी टीचर फरार होने में कामयाब हो गए थे।
परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक से लगेगी हाजिरी
दूसरे के जगह पर परीक्षा देने के मामलों पर रोक लगाने के लिए हरियाणा शिक्षा भिवानी बोर्ड ने बायोमीट्रिक सिस्टम लगाने का फैसला लिया है। बोर्ड चेयरमैन डाॅ. जगबीर सिंह ने बताया कि 2018 में 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में बायोमीट्रिक के माध्यम से परीक्षार्थियों की हाजिरी लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश होगा। जो सेंटर सुपरिंटेंडेंट अपनी निगरानी में कराएंगे। बोर्ड ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। बायोमीट्रिक मशीन ही नहीं बोर्ड स्कूलों में परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य पर भी विचार है। परीक्षा के दौरान रिकार्डिंग देखकर स्थिति समझी जा सकेगी। हालांकि सीसीटीवी को लेकर स्कूलों से बात की जाएगी, इसके बाद ही बोर्ड किसी प्रस्ताव को रखेगा। मौजूदा समय में बोर्ड ने संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी लगवाए थे, इसमें हिसार के 30 केन्द्रों पर सीसीटीवी लगे थे। हालांकि सीसीटीवी से नकल रोकने में कितना असर पड़ा इसको लेकर कोई खुलासा नहीं दिखाया गया।


Posted by HEDO

No comments:

Post a Comment

News Haryana Education